
गोगुंदा कस्बे के खटीक मोहल्ले में बुधवार देर शाम एक मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टायलेट करने की बात को लेकर ओमप्रकाश खटीक और देवीलाल उर्फ राजा बाबू खटीक के बीच विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि ओमप्रकाश खटीक ने धारदार हथियार से देवीलाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि देवीलाल खटीक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह पूरी वारदात मृतक की मां और भाई के सामने हुई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश खटीक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
23 Jul 2026