
वारदात सोमवार दोपहर की है, जब 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने भाई-बहनों के साथ घर लौट रही थी। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ चल रही एक अन्य युवती ने उसे बातों में उलझाया और बहला- फुसलाकर मोटरसाइकिल पर बैठने के लिए राजी कर लिया। जैसे ही किशोरी बाइक पर सवार हुई, वहां पहले से मौजूद दो युवक उसे लेकर तेज रफ्तार में फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि घटना के वक्त नाबालिग का छोटा भाई और बहन भी कुछ ही दूरी पर चल रहे थे, लेकिन जब तक वे कुछ समझ पाते, आरोपी उनकी बहन को आंखों से ओझल कर चुके थे। परिजनों को जब इसकी भनक लगी, तो उन्होंने साथ चल रही संदिग्ध युवती की तलाश की। पूछताछ में उस युवती ने अगले दिन मामले में सहयोग करने और जानकारी देने का आश्वासन दिया था, लेकिन मंगलवार सुबह से ही उसका भी फोन स्विच ऑफ आ रहा है और वह खुद भी गायब हो चुकी है। पीड़ित परिवार ने सोमवार शाम साढ़े सात बजे बड़गांव थाने में सूचना दी, लेकिन 24 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। परिजनों ने अपने स्तर पर भी काफी तलाश की, मगर बेटी का कोई सुराग नहीं मिल सका। अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर अनहोनी की चिंता सता रही है। पुलिस फिलहाल संदिग्ध युवती और बाइक सवारों की तलाश में जुटी है, लेकिन इस बड़ी वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
01 May 2026