
नेशनल हाईवे-48 पर मेनार डाक बंगले के पास बुधवार शाम करीब 4 बजे यह भीषण सड़क हादसा हुआ। करीब 35 यात्रियों से भरी प्राइवेट बस मंगलवाड़ से सवारियां लेकर उदयपुर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश में लाइन बदलते समय उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की छत और केबिन का हिस्सा उखड़कर बिखर गया। बस की सीटें और खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। ड्राइवर सीट वाले हिस्से को छोड़कर बस का अगला भाग पूरी तरह टूट गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।दुर्घटना की सूचना मिलते ही खेरोदा थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस व निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।खेरोदा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि मृतकों में बंशीलाल टेलर निवासी पहाड़ा और भगवान लाल डांगी निवासी शोभागपुरा शामिल हैं, जबकि मृतक महिला की पहचान की जा रही है। हादसे में घायल 10 लोगों का इलाज जारी है और तीन घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम के हालात बने रहे। क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क किनारे करवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई गई। पुलिस के अनुसार बस की रफ्तार तेज थी और चालक ने ओवरटेक के दौरान लाइन बदलने की कोशिश की, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
27 Aug 2026