
महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में गांधी ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा में हजारों लोगों की मौजूदगी के बीच दो संदिग्ध युवक भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं, जिसके चलते सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों की नजर दोनों युवकों की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। बताया जा रहा है कि आरोपी लोगों की जेबों से मोबाइल निकालने का प्रयास कर रहे थे। शक होने पर मौजूद लोगों ने दोनों पर नजर रखी और आखिरकार उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद दोनों ने मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल गर्मा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों से पूछताछ करते हुए उनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी लेने का प्रयास किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, आक्रोशित लोग दोनों सदिग्धों के साथ पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे है। घटना की सूचना मिलते ही हाथीपोल थाना पुलिस और सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ के बीच से दोनों आरोपियों को बाहर निकाला और हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वे किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं और इससे पहले कितनी वारदातों में शामिल रहे हैं।

18 Jun 2026