
झीलों की नगरी उदयपुर का प्रसिद्ध गणगौर घाट अपनी ऐतिहासिक खूबसूरती और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक और प्री-वेडिंग शूट कराने वाले जोड़े पहुंचते हैं। लेकिन हाल ही में गणगौर घाट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक प्री-वेडिंग शूट करवा रहे लोगों से अवैध रूप से पैसे वसूलता नजर आ रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि संबंधित युवक खुद को पुजारी बताकर भगवान के नाम का हवाला देते हुए शूटिंग के बदले शुल्क की मांग कर रहा है। युवक की इस हरकत से वहां मौजूद पर्यटक और प्री-वेडिंग शूट कराने आए लोग खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। गौरतलब है कि नगर निगम या प्रशासन की ओर से गणगौर घाट पर प्री-वेडिंग शूट या फोटोग्राफी के लिए किसी भी तरह का शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व बिना किसी डर के खुलेआम लोगों से पैसे मांग रहे हैं। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हो रही इस तरह की घटनाओं से उदयपुर की मेहमाननवाजी और पर्यटन छवि पर बुरा असर पड़ रहा है। अब स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे फर्जी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर इस अवैध वसूली पर तुरंत लगाम लगाई जाए।
17 Nov 2026