
होली पर्व नजदीक आते ही उदयपुर के बाजार रंगों से सराबोर नजर आने लगे हैं। शहर के प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर गुलाल की दुकानें और स्टाल लग चुके हैं। इन स्टाल्स पर लाल, गुलाबी, हरा, पीला और नीला सहित कई रंगों की गुलाल उपलब्ध है, जिससे बाजारों में होली का माहौल साफ दिखाई दे रहा है। इस बार गुलाल की बिक्री में सबसे ज्यादा चर्चा हर्बल गुलाल की हो रही है। केमिकल युक्त रंगों से दूरी बनाते हुए लोग अब प्राकृतिक और हर्बल गुलाल की ओर रुख कर रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार, हर्बल गुलाल की मांग पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक बढ़ी है। लोग इसे त्वचा और आंखों के लिए सुरक्षित मानते हुए प्राथमिकता दे रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि हर्बल गुलाल फूलों और प्राकृतिक तत्वों से तैयार की जाती है, जिससे न सिर्फ रंग सुरक्षित होते हैं, बल्कि पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचता। यही कारण है कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग के लोग इसे पसंद कर रहे हैं। जैसे-जैसे होली का पर्व नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे बाजारों में भीड़ और खरीदारी दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
01 May 2026