
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान नांदेशमा और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद संभाल ली। रात में युवाओं की अलग-अलग टोलियां बनाकर पूरे गांव में गश्त की जा रही थी। गश्त के तीसरे दिन देर रात करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों को दो संदिग्ध युवक बाजार क्षेत्र में दिखाई दिए। नांदेशमा भाजपा युवा मोर्चा मंडल के उपाध्यक्ष कैलाश पालीवाल और अन्य युवाओं ने जब दोनों पर नजर रखी तो वे बाइक छोड़कर भागने लगे। ग्रामीणों ने करीब 200 से 300 मीटर तक पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। इसी दौरान गांव के अलग-अलग हिस्सों में गश्त कर रहे युवाओं ने बाइकों पर करीब एक दर्जन संदिग्धों को अलग-अलग रास्तों से भागते हुए भी देखा। सूचना मिलते ही पास में गश्त कर रही पुलिस की 112 टीम मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से ढोल गांव से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद होने की बात सामने आई। सायरा थाने के एएसआई शंभूसिंह ने बताया कि दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम में जितेंद्र कुमार, कॉन्स्टेबल गणपत बिश्नाई सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। गौरतलब है कि दो दिन पहले नांदेशमा गांव के जैन मंदिर, महादेव मंदिर, ठाकुर मंदिर और चामुंडा माता मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। इसके अलावा पानेर के थोब स्थित एक किराना दुकान को भी निशाना बनाया गया था। इन घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश था और इसी के चलते गांव में रात्रि गश्त शुरू की गई थी।
10 Jul 2026