
उदयपुर के घंटाघर थाना क्षेत्र में बिच्छूघाटी इलाके में युवक साहिल की धारदार हथियारों से मारपीट कर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रकरण में नामजद आरोपी नईम उर्फ नईमुद्दीन शेख और कुन्दन सिंह कुशवाहा अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन द्वारा दोनों फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का नकद इनाम घोषित किया गया है। आरोपी नईम उर्फ नईमुद्दीन मूल रूप से शेखों का मोहल्ला आसींद, भीलवाड़ा का निवासी है, जिसका नया पता रेलवे कॉलोनी राणा प्रतापनगर और वर्तमान में मल्लातलाई क्षेत्र बताया जा रहा है। वहीं दूसरा आरोपी कुन्दन कुशवाह आयड़ लौहार कॉलोनी, भूपालपुरा थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने कहा है कि जो भी व्यक्ति इन आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करेगा, सही सूचना देगा या गिरफ्तारी करवाने में मदद करेगा, उसे 10-10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और आमजन से अपील कर रही है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
01 May 2026