
वीआईपी रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने बना वही खतरनाक गड्ढा, जिसने दो दिन पहले दो जिंदगियां छीन ली थीं, अब मिट्टी और बजरी से भर दिया गया है। नगर निगम की ओर से देर से की गई इस कार्रवाई से सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन स्थायी समाधान अभी भी अधूरा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढे को केवल ऊपर से भर दिया गया है। सड़क की मजबूती, लेवलिंग और ड्रेनेज सिस्टम पर कोई काम नहीं हुआ। बारिश या भारी ट्रैफिक होने पर यह भराव फिर से बैठ सकता है और बड़ा हादसा दोबारा हो सकता है। सबसे गंभीर बात यह है कि मौके पर अब भी कोई स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड या रिफ्लेक्टर नहीं लगाया गया है।आपको बता दे कि इसी स्थान पर तेज रफ्तार कार गड्ढे से बचने के प्रयास में बेकाबू हो गई थी और नाश्ते के ठेले को उड़ाते हुए चार लोगों को कुचल दिया था। इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो घायलों का इलाज अब भी जारी हैं। हादसे के बाद विधायक द्वारा स्थायी मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम का आश्वासन दिया गया था, लेकिन फिलहाल सिर्फ खानापूर्ति होती नजर आ रही है। क्षेत्रवासी प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सड़क का पक्का निर्माण, स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और बैरिकेड्स लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को होने से रोका जा सके।