
सलुम्बर जिले के दानितालाई वन क्षेत्र के ग्राम लकुकालेवा में उस समय वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई, जब सूचना मिली कि एक पैंथर गहरे कुएं में गिर गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेने के बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू के दौरान टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए पहले पैंथर को सुरक्षित बाहर निकालने की रणनीति बनाई। इसके लिए चारपाई और पिंजरे का उपयोग किया गया। काफी प्रयासों के बाद पैंथर को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान वन विभाग की टीम लगातार पैंथर की गतिविधियों पर नजर बनाए रही, ताकि वह घबराकर किसी तरह की चोट का शिकार न हो। सफल रेस्क्यू के बाद पैंथर को सुरक्षित वाहन में रखकर बांसी नर्सरी भेजा गया। वन विभाग के मुताबिक फिलहाल पैंथर को चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा, जहां उसके स्वास्थ्य की जांच और आवश्यक उपचार किया जाएगा। यदि जांच में पैंथर पूरी तरह स्वस्थ पाया जाता है तो उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
20 Jul 2026