
उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना क्षेत्र के पिपली चौक निवासी 38 वर्षीय भूरी देवी लोहार साइबर ठगों का शिकार हो गईं। पीड़िता ने साइबर थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क किया। कुछ कॉल इंटरनेशनल नंबरों से भी किए गए और गिफ्ट के रूप में सोना-चांदी तथा विदेशी करेंसी का पार्सल भेजने का लालच दिया गया। ठगों ने महिला को विश्वास में लेने के बाद रजिस्ट्रेशन, कस्टम क्लियरेंस और अन्य औपचारिकताओं का हवाला देते हुए अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन रकम जमा कराने के लिए कहा। 28 जून से 15 जुलाई के बीच महिला ने अपने खाते से कई बार ऑनलाइन भुगतान किया। इसके बाद ठगों के कहने पर उसने रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर भी रकम ट्रांसफर कर दी। पीड़िता के अनुसार इस तरह कुल 23 लाख 28 हजार रुपये ठगों के खातों में भेज दिए गए। जब गिफ्ट नहीं मिला और कॉल करने वाले लोगों के मोबाइल बंद हो गए, तब उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाने के डीएसपी विनय चौधरी ने बताया कि जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही जिन मोबाइल नंबरों और इंटरनेशनल नंबरों से कॉल किए गए, उनकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, गिफ्ट ऑफर या लालच में आकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें और अपनी निजी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।