
उदयपुर शहर के स्वरूपसागर में सोमवार सुबह एक 56 साल की महिला ने झील में कूदकर सुसाइड का प्रयास किया। मौके पर मौजूद दो लोगों ने बिना देर किए झील में छलांग लगाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला पुलिसकर्मियों की तत्परता से महिला को तत्काल एमबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना सुबह करीब 9 बजे की है। स्वरूपसागर के पास स्थित पार्क में रोजाना की तरह लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला अचानक झील में कूद गई। महिला को झील में गिरते देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। दो युवकों ने तुरंत झील में छलांग लगाई और झील में सफाई कर रहे कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसी दौरान क्षेत्र में राउंड कर रही पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंच गई। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए टीम की हेड कॉन्स्टेबल भंवर कुंवर और कॉन्स्टेबल सुनीता मदद में जुट गई।पास के ऑटो स्टैंड से वाहन लाने को लेकर हेड कॉन्स्टेबल भंवर कुंवर करीब 200 मीटर दौड़कर ऑटो लेकर आई। इसके बाद लोगों की मदद से महिला को ऑटो में बैठाकर एमबी अस्पताल के ट्रॉमा इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। हेड कॉन्स्टेबल भंवर कुंवर ने बताया कि महिला की पहचान विमला के रूप में हुई है। वह स्वरूपसागर क्षेत्र में ही रहती है और मूल रूप से चूरू की निवासी है। सूचना मिलने पर उनके बेटे और बहू भी अस्पताल पहुंच गए। बेटे-बहू दोनों डॉक्टर भंवर कुंवर ने बताया कि बेटे-बहू दोनों पेशे से डॉक्टर हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। सोमवार सुबह वह घर से उस समय निकल गईं, जब परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
21 Jul 2026