
उदयपुर के महासतिया क्षेत्र स्थित गंगु कुंड में गुरुवार सुबह का मंजर बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला था। यहां अपने दो मासूम बेटों को स्विमिंग सिखाने पहुंचे एक पिता की देखते ही देखते पानी में डूबने से मौत हो गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक काफी देर तक पानी में जिंदगी के लिए संघर्ष करता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोग उसे बचाने के लिए आगे नहीं आए। मृतक की पहचान ठोकर चौराहा निवासी 41 वर्षीय दुर्गा शंकर सालवी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दुर्गा शंकर गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अपने 10 और 14 साल के दो बेटों को स्विमिंग कराने के लिए गंगु कुंड लेकर पहुंचे थे। बच्चे पानी में स्विमिंग कर रहे थे, जबकि दुर्गा शंकर कुंड की सीढ़ियों पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक व्यक्ति ने उन्हें पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन हाथ छूट गया और दुर्गा शंकर पानी में डूबने लगे। बताया जा रहा है कि वे करीब 10 मिनट तक पानी में छटपटाते रहे, लेकिन वहां मौजूद 20 से 30 लोग तमाशबीन बने रहे। किसी ने भी उन्हें बचाने के लिए पानी में उतरने की हिम्मत नहीं दिखाई। घटना की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस टीम मौके पर पहुंची। उप नियंत्रण नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर के निर्देश पर गठित टीम ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया। टीम में कैलाश मेनारिया, गोताखोर विपुल चौधरी, रवि शर्मा और भवानी शंकर वाल्मीकि सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। रेस्क्यू टीम ने युवक को बाहर निकालकर सीपीआर भी दिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सिविल डिफेंस के सदस्य कैलाश मेनारिया ने बताया कि मृतक को तैरना नहीं आता था। वहीं गंगु कुंड में स्विमिंग की अनुमति भी नहीं है, बावजूद इसके यहां रोजाना 30 से 40 लोग तैरने पहुंचते हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने लोगों की आवाजाही के बावजूद यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम क्यों नहीं हैं।
27 May 2026