
उदयपुर जिले में नाबालिग बेटियों के अपहरण और लापता होने की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज चार मामलों के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पहला मामला बाघपुरा थाना क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी ने शिकायत दी कि आरोपी अनिल खराड़ी और उसके पांच अन्य साथियों ने उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। मामले की जांच एएसआई योगेश नागदा को सौंपी गई है। दूसरा मामला कानोड़ थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी गणपत मीणा उनकी नाबालिग पुत्री को अपने साथ ले गया। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार को सौंपी गई है। तीसरा मामला भीण्डर थाना क्षेत्र का है। जहां प्रार्थी ने आरोप लगाया कि आरोपी मनिष मीणा और उसके साथियों ने उनकी नाबालिग पुत्री का जबरन अपहरण कर लिया। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं चौथा मामला भीण्डर थाना क्षेत्र के धारता गांव का है, प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि घर में उनकी अनुपस्थिति में उनकी बेटी घर से लापता हो गई। पीड़ित पिता ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है। मामले की जांच थानाधिकारी मुकेश चंद कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों में गंभीरता से जांच की जा रही है और नाबालिगों की शीघ्र दस्तयाबी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।