
चूरू जिले के तारानगर तहसील के चंगोई गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सरपंच का चुनाव लड़ने की जिद में एक पिता ने अपने ही इकलौते बेटे और बहू की बोलेरो से कुचलकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार रात करीब 12:50 बजे की है। परिवार में पिछले कई दिनों से इस बात को लेकर विवाद चल रहा था कि पिता रामचंद्र जाट इस बार सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था, जबकि उसका बेटा रविंद्र और बहू महिंद्रा इसके सख्त खिलाफ थे। पुलिस ने आरोपी पिता को डिटेन कर लिया है और बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, चंगोई गांव निवासी रामचंद्र जाट का गांव में ही धर्मकांटा है और वह हाल ही में अलग बनी ग्राम पंचायत चंगोई से सरपंच पद का चुनाव लड़ना चाहता था। उसका 40 वर्षीय बेटा रविंद्र जो ई-मित्र चलता था और 35 वर्षीय बहू महिंद्रा उसे लगातार चुनाव लड़ने से मना कर रहे थे, जिसके चलते घर में अक्सर कलह होती थी। मंगलवार रात को भी घर पर विवाद के बाद पिता और पुत्र धर्मकांटा पर चले गए थे, जहां कुछ देर बाद बहू महिंद्रा भी पहुंच गई। वहां तीनों के बीच फिर से तीखी बहस और झगड़ा हुआ। जब रविंद्र और महिंद्रा वहां से लौट रहे थे, तभी पीछे से रामचंद्र ने अपनी बोलेरो गाड़ी से दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और सरकारी अस्पताल में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई है। तारानगर पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
13 Oct 2026