
उदयपुर शहर में रेलवे स्टेशन से लेकर कलेक्टर आवास के आवास तक बनाए जा रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्य में सुरक्षा नियमों की खुली अनदेखी देखने को मिल रही है। निर्माण स्थल पर कई मजदूर ऊंचाई पर बिना हेलमेट और बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम करते नजर आए। कोई मजदूर किनारे पर खड़े होकर तारबंदी कर रहा है तो कोई वेल्डिंग का काम करता दिखाई दे रहा है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि निर्माण स्थल के नीचे से लगातार आम लोगों और वाहनों की आवाजाही जारी है। ऐसे में यदि कोई हादसा होता है तो केवल मजदूर ही नहीं बल्कि राहगीर भी उसकी चपेट में आ सकते हैं। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा जाल, सेफ्टी बेल्ट और अन्य जरूरी इंतजाम पर्याप्त नजर नहीं आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी परियोजना में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन होना चाहिए, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके। लोगों ने संबंधित निर्माण कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि मजदूरों को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। न्यूज़ 91 की ओर से भी संबंधित कंपनियों और प्रशासन से अपील की गई है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करवाया जाए, ताकि किसी भी तरह की जान-माल की हानि से बचा जा सके।

23 May 2026