
उदयपुर के नगर निगम प्रांगण में हाल ही में आयोजित एक कॉमेडी शो के दौरान स्टैंड-अप कॉमेडियन गौरव गुप्ता की प्रस्तुति शहरवासियों के बीच बड़े विवाद का विषय बन गई है। सोशल मीडिया से लेकर आम बैठकों तक इस बात पर तीखी आपत्ति जताई जा रही है कि कॉमेडी के नाम पर किस तरह अमर्यादित और स्तरहीन भाषा का इस्तेमाल किया गया। शहरवासियों का कहना है कि बाहरी कलाकारों द्वारा भरे मंच से मेवाड़ की संस्कृति और महिलाओं के संदर्भ में जिस प्रकार की टिप्पणियां की गईं, उसने स्थानीय लोगों की भावनाओं को आहत किया है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर नागरिकों में जनप्रतिनिधियों की चुप्पी को लेकर भी खासा रोष देखने को मिल रहा है। इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शहरवासी कौशल आमेटा ने सोशल मीडिया पर खुलकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि कॉमेडी के नाम पर उदयपुर शहर में बाहरी व्यक्ति गौरव गुप्ता आकर भरे मंच से जिस प्रकार कल नगर निगम प्रांगण में मेवाड़ की हमारी माताओं और बहनों के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर चला गया और हमारे द्वारा चुने गए वार्डों के जनप्रतिनिधि चुप्पी साधे रहे और हंसते रहे, मेवाड़ का इससे ज्यादा अपमान क्या हो सकता है? जो रात-दिन महिला सशक्तिकरण की बातें करते रहते हैं। इसके बाद कई अन्य यूजर्स ने भी इसे कॉमेडी का हल्का स्तर बताते हुए नसीहत दी कि हंसाने के लिए कुछ और विषय होने चाहिए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी शहर के लोग लगातार सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सांस्कृतिक गरिमा और स्थानीय मान-सम्मान के साथ इस तरह के खिलवाड़ की छूट कैसे दी जा सकती है। लोगों का साफ कहना है कि मनोरंजन और हंसाने के नाम पर स्तरहीन बातें परोसने के इस ट्रेंड पर अब कड़ा विराम लगना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से किसी क्षेत्र विशेष की भावनाओं को ठेस न पहुंचे। प्रशासन और आयोजकों की इस पर क्या प्रतिक्रिया रहती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

31 Oct 2026