
उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र से दो सगी बहनों के अचानक लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें शाम के समय अपनी बड़ी बहन के घर से स्कूटी पर सवार होकर अपने घर के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वे घर नहीं पहुंचीं। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। तलाश के दौरान उनकी स्कूटी डबोक चौराहे पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। परिजनों की शिकायत पर डबोक थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों युवतियों की तलाश तेज कर दी है। साथ ही, उनके लापता होने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों बहनों का कोई सुराग नहीं मिला है।
11 Nov 2026