
घंटाघर थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज फायरिंग और धारदार हथियार से हमले की वारदात के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में इरफान खान पठान, अरबाज खान और मोहम्मद हुसैन उर्फ मक्खी शामिल हैं। वहीं फरार आरोपी मोहसिन और अर्जुन की तलाश जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा थी। करीब 10 से 12 दिन पहले इरफान खान पठान का मोहसिन उर्फ पिनोक्यो, सलमान और नाजिम से विवाद हुआ था। उस दौरान इरफान अपनी आई-20 कार से जा रहा था, तभी उसे रोककर धमकाया गया था। इससे पहले करीब डेढ़ महीने पहले भी सुखाड़िया सर्कल पर इरफान खान के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने हमला करने की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक घटना से करीब पांच दिन पहले अवैध पिस्टल मध्य प्रदेश से मंगवाई गई थी। इसके बाद इरफान, अरबाज, मोहसिन और अर्जुन ने मिलकर सलमान, नाजिम और मोहसिन को निशाना बनाने की योजना बनाई। बुधवार रात सिलावटवाड़ी इलाके में सलमान, मोहसिन और नाजिम एक दुकान के बाहर बैठे थे। तभी दो बाइकों पर सवार होकर 8 से 10 बदमाश मौके पर पहुंचे और युवकों पर तीन राउंड फायर किए। फायरिंग में सलमान की रीढ़ की हड्डी पर गोली लगी। इसके बाद मोहसिन और नाजिम जान बचाकर भागने लगे तो बदमाशों ने पीछा कर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मोहसिन के हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जबकि नाजिम भी घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

23 May 2026