
उदयपुर के नगर निगम मेले में थाई-फ्रांसीसी महिला यूट्यूबर से सरेआम 'लिप किस' मांगने वाले मनचले ऑटो चालक आफताब उर्फ गबरू को सलाखों के पीछे भेजने के बाद, अब उदयपुर पुलिस ने एक बड़ी कानूनी नजीर पेश की है। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि उदयपुर के इतिहास में यह संभवतः पहला ऐसा मामला है, जहां बिना किसी शिकायतकर्ता के सामने आए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थान पर या उसके आस-पास कोई अश्लील हरकत करता है, गंदा गाना गाता है, अभद्र भाषा का प्रयोग करता है या ऐसे कृत्य करता है जिससे वहां मौजूद लोगों को परेशानी या शर्मिंदगी होती है, तो यह धारा लागू होती है। एसपी डॉ. दुहन ने साफ शब्दों में कहा कि विदेशी पर्यटक हों या स्थानीय महिलाएं, अक्सर झिझक या असुविधा के कारण वे थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं करा पातीं। पहले ऐसे मामलों में पुलिस सिर्फ सामान्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करती थी, जिससे मनचलों का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं बन पाता था और वे आसानी से छूट जाते थे। लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। पुलिस ने तय किया है कि यदि कोई पीड़िता सामने नहीं भी आना चाहती, तो भी केवल सूचना या वीडियो मिलने पर पुलिस खुद अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज करेगी, ताकि ऐसे मनचलों का स्थायी क्रिमिनल रिकॉर्ड तैयार हो सके और वे हमेशा पुलिस की निगरानी में रहें।
11 Nov 2026