
उदयपुर में नगर निगम चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची और वार्ड परिसीमन को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-3 के एक ही मकान में रहने वाले परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग वार्डों में दर्ज हैं। सास वार्ड 53 की मतदाता हैं, जबकि बेटा और बहू का नाम वार्ड 52 में है। अब सवाल उठ रहा है कि एक ही पते पर रहने वाले परिवार के सदस्यों को अलग-अलग वार्डों में किस आधार पर शामिल किया गया। उदयपुर के सेक्टर-3 स्थित समता नगर में मतदाता सूची का यह मामला चर्चा में है। मकान नंबर 26 में रहने वाली ललिता का नाम वार्ड नंबर 53 में दर्ज है, जबकि उनके बेटे पंकज और पुत्रवधू का नाम वार्ड नंबर 52 में है। तीनों एक ही मकान में रहते हैं। ऐसे में एक ही पते पर रहने वाले परिवार के सदस्यों के अलग-अलग वार्डों में नाम दर्ज होने से सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि यह स्थिति किस वजह से बनी, यह संबंधित मतदाता सूची और वार्ड सीमा के रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल चुनाव में परिवार के सदस्य अलग-अलग वार्डों के उम्मीदवारों को वोट देंगे।
01 Sept 2026