
उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब एक युवक पर उसके जीजा और अन्य लोगों द्वारा हमला कर दिया गया। वारदात रेलवे स्टेशन के सामने स्थित कच्ची बस्ती में हुई, जहां अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार आरोपी पक्ष अपनी रिश्तेदार महिला को ससुराल ले जाने के लिए उसके पीहर पहुंचा था। इसी दौरान महिला के भाई ने उसे भेजने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में विवाद और फिर हिंसा में बदल गई। घायल युवक की बहन ने आरोप लगाया कि उसके पति और अन्य रिश्तेदार जबरन उसे साथ ले जाना चाहते थे। भाई द्वारा विरोध करने पर आरोपी पक्ष ने मिलकर उसके भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल युवक को तत्काल सूरजपोल थाने के बाहर लेकर पहुंचे और पुलिस से सहायता मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी राहुल एक दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था और उसे आदतन अपराधी बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। फिलहाल सूरजपोल थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।