
उदयपुर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र में बुधवार को शिव मंदिर में माताजी की मूर्ति में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। सुबह जब कुछ लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो उन्हें पार्वती माता मूर्ति के दोनों हाथ टूटे मिले। मामले की आसपास के ग्रामीणों को चला तो वे मंदिर पहुंच गए। घटना मनवाखेड़ा गांव स्थित शिव मंदिर में बीती रात की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने इसे असामाजिक तत्वों की करतूत बताते हुए घटना के खिलाफ विरोध जताया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। जानकारी अनुसार मंदिर आबादी क्षेत्र से दूर है और वहां सीसीटीवी नहीं लगे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले ग्रामीणों का कहना था कि मूर्ति को क्यों और किस कारण से तोड़ा गया। पुलिस जल्द इसका पता लगाए। इधर, फिलहाल पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस की टीम आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपियों का पता लगाने में जुट गई है।

18 Aug 2026