
उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने सड़कों पर स्टंटबाजी करने वाले 4 युवकों को डिटेन किया है। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि आरोपी दो कारों से स्टंटबाजी कर रहे थे। इनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। थानाधिकारी के अनुसार, उदयपुर शहर की सड़कों पर दो कारों से अलग-अलग जगह स्टंटबाजी के वीडियो सामने आए थे। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अल्ट्रोज और मारुती ऑल्टो कार के साथ 4 आरोपियों को डिटेन किया। पकड़े जाने के बाद आरोपियों ने माफी मांगी और आगे से ऐसी गलती नहीं करने की बात कही।एसपी डॉ. अमृता दुहन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि उदयपुर एक विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है। यहां की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आमजन और बाहर से आने वाले लोगों से अपील है कि वे ट्रैफिक रूल्स की पूरी तरह पालना करें। सड़कों पर स्टंटबाजी या किसी तरह का जोखिम भरा वाहन संचालन नहीं करें।