
उदयपुर में दीपावली के दौरान आतिशबाजी के बीच आग लगने की घटनाएं भी बड़ी संख्या में हुई हैं। तीन दिन में शहर और आसपास क्षेत्रों में आग लगने की 100 घटनाएं हुईं। इनमें आतिशबाजी से निकली चिंगारियां आग लगने का प्रमुख कारण रहीं। इधर, उदयपुर के मादड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 7 बजे टेरेक्स पंप्स के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग से गोदाम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। घटनास्थल के पास ही भारत गैस का बड़ा गोदाम है। सूचना मिलते ही उदयपुर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सीएफओ बाबूलाल चौधरी ने बताया कि आग की गंभीरता को देखते हुए करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियों को लगाया गया। हिंदुस्तान जिंक और जेके टायर से भी दमकल वाहन बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दोनों गोदामों के बीच दीवार होने के बावजूद आग फैलने का खतरा बना हुआ था। दमकलकर्मियों ने तेजी और सूझबूझ से आग को आसपास फैलने से रोक दिया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से भारत गैस का गोदाम सुरक्षित बच गया और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि गोदाम में रखे सामान को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।दूसरी तरफ त्योहार के तीन दिनों में आग लगने की सबसे ज्यादा 42 घटनाएं खाली प्लॉट में हुईं। इसके अलावा कचरे के ढेर, झाड़ियों और खेतों में भी आग लगी। मकान, दुकान और गोदाम भी आग की चपेट में आए। शहर के सीपीएस स्कूल के पास से लेकर देवाली में एक टेंट गोदाम में भी आग लगी है। आग से टेंट के सामान जलकर राख हो गए।आग की घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार अलर्ट रहीं। सूचना मिलते ही दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया- दीपावली के दौरान टीमें दिन और रात काम करती रहीं। जहां से भी आग लगने की सूचना मिली। वहां तुरंत दमकल वाहन भेजकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। तीन दिन में हुई आग की घटनाओं में सबसे ज्यादा 42 मामले खाली प्लॉट में आग लगने के रहे। वहीं कचरे के ढेर में आग लगने की 22, झाड़ियों और खेतों में 20 व मकान, दुकान और गोदाम में आग लगने की 11 घटनाएं हुईं। पहाड़ी क्षेत्रों और अन्य स्थानों पर आग लगने के 5 मामले सामने आए।दीपावली के दौरान आतिशबाजी के साथ खुले स्थानों पर सूखे कचरे और झाड़ियों में आग की घटनाएं ज्यादा हुईं। चित्रकूट नगर के सामने और नीमच माता की पहाड़ी क्षेत्र में भी सूखी घास जली और पहाड़ियों पर आग लग गई।मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया- हमने आग की घटनाओं को लेकर पहले ही विस्तार से कार्ययोजना बनाई। इसमें गाड़ियों को शहर के अलग-अलग दिशाओं में खड़ा किया। पानी के प्वाइंट पर भी खासा ध्यान दिया। चौधरी बताते हैं कि जिस जगह आग लगी, वहां गाड़ी पहुंचे। उससे पहले उस रास्ते पर जाम की स्थिति बताने को लेकर भी अलग टीम बनाई, ताकि अगर जाम की नौबत आए तो गाड़ी का रूट बदला गया। इससे समय की बचत हुई।