
28 अप्रैल को प्रार्थी चुन्नीलाल भोई ने सुखेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अम्बेरी स्थित मेरीडियम मार्बल के पास से उनकी पिकअप चोरी हो गई है। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने आसूचना और तकनीकी सहयोग से जाल बिछाया। पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखी और आरोपी कैलाश को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने पिकअप चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसकी निशानदेही पर चोरी किया गया वाहन बरामद कर लिया गया। पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि कैलाश कोई साधारण चोर नहीं, बल्कि एक शातिर और आदतन अपराधी है। आरोपी के खिलाफ उदयपुर के भूपालपुरा, अम्बामाता, गोगुन्दा, फलासिया और हिरणमगरी थानों के अलावा राजसमंद और पाली जिलों में भी वाहन चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें उसका चालान भी हो चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश होने की संभावना है।

23 May 2026