
नाबालिक के साथ दुष्कर्म की घटना के विरोध में शुक्रवार को वल्लभनगर कस्बे का बाजार पूरी तरह बंद रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण और व्यापारी सड़क पर उतरे और वल्लभनगर-मावली मुख्य मार्ग पर बैठकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। इसके बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम रमेश चन्द्र वडेरा को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने, मामले की निष्पक्ष जांच करने, शीघ्र चालान पेश करने और पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई ही अपराधियों में कानून का भय पैदा कर सकती है। मामले को लेकर पुलिस उपाधीक्षक सरवन दास संत ने बताया कि करीब दो माह पहले नाबालिग के परिजनों ने वल्लभनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार चार युवकों ने कथित रूप से प्रलोभन देकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में एक अन्य युवक पर भी दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द उसे भी गिरफ्तार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। वहीं, क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

03 Jul 2026