
लेकसिटी उदयपुर के प्रतिष्ठित होटल पारस महल में ठहरे एक गेस्ट के कमरे से लाखों रुपये के कीमती सामान चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह पूरी वारदात होटल परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। सामने आए फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बेखौफ होकर होटल के गलियारों में घूमता और कमरों के दरवाजे चैक करता हुआ साफ नजर आ रहा है। फुटेज के मुताबिक, रेकी करने के दौरान जैसे ही संदिग्ध को एक कमरे का दरवाजा खुला मिला, वह तुरंत अंदर दाखिल हो गया। चोर ने कमरे से लैपटॉप, महंगा मोबाइल फोन और एयरपॉड्स सहित लाखों रुपये का कीमती सामान समेटा और बड़ी आसानी से होटल से बाहर निकल गया। हैरानी की बात यह है कि एक अनजान व्यक्ति काफी देर तक होटल में संदिग्ध हालात में घूमता रहा, लेकिन न तो रिसेप्शन और न ही सिक्योरिटी स्टाफ को इसकी भनक तक लगी। पीड़ित गेस्ट ने आरोप लगाया है कि चोरी की शिकायत करने के बावजूद होटल प्रबंधन ने अपेक्षित सहयोग नहीं किया। इस घटना ने मेहमानों से मोटी रकम वसूलने वाले होटलों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब बड़ा सवाल यह है कि होटल में आने-जाने वालों की निगरानी किसके भरोसे है और CCTV फुटेज होने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर क्यों है?
11 Nov 2026