
उदयपुर की खारोल कॉलोनी में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने सबसे पहले हनुमान मंदिर को निशाना बनाया। बदमाश बिना ताला तोड़े पीछे की खिड़की तोड़कर मंदिर में घुसे और भगवान हनुमानजी के चांदी के पांच छत्र, दानपेटी में रखी नकदी और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। स्थानीय निवासी गिरधारी लोहार ने बताया कि मंदिर में पहले भी कई बार चोरी हो चुकी है। इस बार चांदी के छत्रों की कीमत करीब 15 से 20 हजार रुपए और दानपेटी में रखी दो से चार हजार रुपए की नकदी चोरी हुई है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इसके बाद बदमाशों ने कॉलोनी में एक घर के बाहर खड़ी बाइक का अगला टायर खोल लिया। वहीं कई स्कूटरों के लॉक तोड़े और हेलमेट भी चोरी कर लिए। आगे बढ़ते हुए उन्होंने एक स्विफ्ट कार की डिक्की खोलने का प्रयास किया। जब सफलता नहीं मिली तो पत्थर मारकर कार के शीशे तोड़ दिए और वाहन को नुकसान पहुंचाया। स्थानीय निवासी जसवंत प्रजापत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में रात करीब दो से ढाई बजे के बीच तीन से चार संदिग्ध कॉलोनी में घूमते दिखाई दिए। उनकी उम्र करीब 14 से 15 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। फुटेज में पहले रेकी करने और फिर अलग-अलग जगह वारदात को अंजाम देते हुए देखा गया। मंदिर के ने बताया कि सुबह सूचना मिलने पर चोरी का पता चला। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने रात में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। सूचना मिलने पर अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है। वहीं क्षेत्रवासियों ने कॉलोनी में नियमित गश्त बढ़ाने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

17 Jul 2026