
वारदात कुराबड़ थाना क्षेत्र के आजाद मोहल्ले की है, जहाँ यास्मीन बानो नामक महिला अपने किराए के मकान में सिलाई की दुकान चलाकर अपने तीन बच्चों का पेट पाल रही थी। बुधवार शाम करीब सवा चार बजे, जब यास्मीन काम में व्यस्त थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति दुकान पर पहुँचा। हमलावर ने पहले अपनी बहन के कपड़े होने का बहाना बनाया और पूछताछ की। यास्मीन के मना करने पर वह चला गया, लेकिन कुछ ही पलों बाद वह फिर लौटा और अचानक धारदार हथियार से यास्मीन पर हमला कर दिया। हमलावर ने बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए महिला की गर्दन, हाथ और पैर पर ताबड़तोड़ वार किए। परिजनों के मुताबिक हमलावर ने करीब 7 बार वार किए, जिससे महिला की उंगली कट गई और हाथ में फ्रैक्चर हो गया। हमले के बाद यास्मीन लहूलुहान होकर दुकान के बाहर गिर पड़ी, लेकिन चश्मदीदों के मुताबिक उस वक्त कोई भी उसे बचाने या हमलावर को पकड़ने के लिए आगे नहीं आया। सूचना मिलने पर कुराबड़ पुलिस मौके पर पहुँची और गंभीर हालत में यास्मीन को महाराणा भूपाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की स्थिति नाजुक है और उन्हें ओ-पॉजिटिव रक्त की तत्काल आवश्यकता है। परिजनों ने इस हमले को एक सोची-समझी साजिश करार दिया है, क्योंकि यास्मीन का किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

17 Feb 2026